Ticker

6/recent/ticker-posts

रामनवमी पर धूमधाम से निकला मोरगंज के राजा श्रीराम का शोभा यात्रा जुलूस.. घंटाघर पर सांसद प्रह्लाद पटेल ने किया स्वागत, जगह जगह पुष्प वर्षा एवं आरती के साथ हुई भव्य आगवानी..

रामनवमी पर श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकली-
दमोह। मर्यादा पुरुषोत्तम जानकी नंदन प्रभु श्री राम के जन्म उत्सव का पर्व रामनवमी देश दुनिया के साथ दमोह में भी बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर दोपहर 12 बजे मंदिरों में श्री राम जन्मोत्सव की धूम देखने को मिली। वहीं संध्या बेला में मोरगंज स्थित श्री राम दरबार से प्रभु श्रीराम की भव्य विशाल शोभायात्रा निकाली गई।
नगर के मोरगंज क्षेत्र में लगातार तीसरे वर्ष में चैत्र नवरात्र की पूर्व बेला में हिंदू युवा वाहिनी के संयोजक विक्रांत विक्की गुप्ता एवं टीम के द्वारा प्रभु श्री राम की विशाल भव्य आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई थी। लगातार 9 दिनों तक भक्ति भाव के साथ पूजन, आरती सहित विविध आयोजनों के बाद रामनवमी पर विशाल शोभा यात्रा निकाल कर राम जन्म उत्सव की खुशियां मनाई गई। इस मौके पर मोरगंज से निकली विशाल शोभायात्रा में प्रभु श्री राम की विशाल प्रतिमा सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही।
रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर के तथा आरती पूजन करके श्रद्धालु जनों ने अपने इष्ट प्रभु श्री राम के अवतरण दिवस की खुशियां मनाते हुए एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। इस मौके पर निकाले गए विशाल जुलूस में अन्य भव्य रथों में प्रभु श्री राम लक्ष्मण सीता की जीवंत झांकियां भी श्रद्धा के साथ आकर्षण का केंद्र बनी रहे वहीं डीजे की धुन पर भक्ति भाव के साथ युवा भक्तों की टोली रास्ते भर जय श्री राम के जयकारों के बीच प्रभु श्री राम के जन्म की खुशियां मनाते झूमते नजर आए।
श्री राम नवमी शोभायात्रा जुलूस के स्वागत हेतु मार्ग में जगह-जगह पंडाल लगाए गए थे। घंटा घर पर सांसद प्रहलाद पटेल के साथ जिला भाजपा अध्यक्ष देवनारायण श्रीवास्तव की टीम ने पुष्प वर्षा कर के शोभा यात्रा का स्वागत किया। मनहारी पार्किंग स्थल पर दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष सुधीर सिंघई व अन्य पदाधिकारी , महावीर जन्मोत्सव समिति, जैन मिलन के पदाधिकारियों के साथ जैन समाज के युवाओं ने श्री राम नवमी जुलूस शोभायात्रा का स्वागत करते हुए शीतल जल एवं मिष्ठान का वितरण किया।
 शोभा यात्रा मार्ग घंटाघर, सर्राफा, टाकीज, पुराना थाना, सिटी नल, महाकाली चौराहा होते हुए धगट चौराहे से घंटाघर बूंदाबहू मंदिर मार्ग तक जगह जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं धर्म प्रेमियों द्वारा शोभायात्रा में शामिल लोगों का स्वागत करते हुए अभिनंदन किया गया। बाद में देर रात शोभा यात्रा संपन्न हुई
 इस मौके पर हिंदू युवा वाहिनी राम जी सेवा समिति सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से पूरा शोभायात्रा जुलूस श्री राम नाम की गूंज के साथ केसरिया मय में बना रहा। अभिजीत जैन की रिपोर्ट

Post a Comment

0 Comments