गौ हत्या के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
दमोह के नूरी नगर क्षेत्र में हुई गर्भवती गाय की हत्या के विरोध में मंगलवार दोपहर हिंदूवादी संगठन के सैकड़ो कार्यकर्ताओं के द्वारा अस्पताल चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया और मुख्यमंत्री के नाम दमोह एसडीएम सौरव गंधर्व को ज्ञापन सोपा गया।
ज्ञापन में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई और प्रशासन से अनुरोध किया गया कि भविष्य में इस प्रकार की घटना घटित ना हो इसके लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। इस दौरान सीएसपी एचआर पांडे के साथ कोतवाली टीआई मनीष कुमार के अलावा देहात थाना क्षेत्र का पुलिस बल अस्पताल चौराहे पर तैनात रहा। हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोगों के द्वारा मानस भवन में एकत्रित होने के बाद बाबा अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और इसके बाद पैदल चलते हुए कीर्ति स्तंभ पहुंचकर एसडीएम सौरव गंधर्व को अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि दमोह जिले में स्थित गौचर एवं शासकीय गौभूमि से सभी अवैध अतिक्रमणों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें नियमानुसार हटाया जाए, ताकि गौवंश के लिए उपलब्ध भूमि सुरक्षित रह सके। गौ हत्या प्रकरण में जांच के दौरान जिन आरोपियों की संलिप्तता एवं अवैध अतिक्रमण प्रमाणित हो, उनके विरुद्ध राजस्व एवं अन्य संबंधित कानूनों के अंतर्गत नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाए तथा अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं।
जांच में यदि यह प्रमाणित होता है कि पकड़े गए आरोपियों द्वारा गौमांस की बिक्री किसी व्यक्ति, प्रतिष्ठान अथवा होटल को की गई थी, तो खरीद-बिक्री एवं आपूर्ति से जुड़े सभी संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोष सिद्ध होने पर उनके विरुद्ध भी विधि सम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जो गौ पालक अपने पालतू गौवंश को जानबूझकर सड़कों पर आवारा अथवा निराश्रित छोड़ देते हैं, उनकी पहचान कर प्रचलित कानून एवं नगर निकाय/पशुपालन संबंधी नियमों के अनुसार कार्यवाही की जाए तथा गौवंश के संरक्षण एवं उचित प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।गौ हत्या प्रकरण में गिरफ्तार अथवा चिन्हित ऐसे व्यक्तियों, जिनका आपराधिक इतिहास एवं आदतन अपराध में संलिप्तता जांच में प्रमाणित हो, उनके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के अंतर्गत कार्यवाही की जाए।
दमोह नगर एवं जिले में गौहत्या, गौवंश की अवैध तस्करी एवं पशु अपराधों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, नियमित गश्त एवं प्रभावी पुलिस कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन लेने पहुंचे एसडीम सौरव गंधर्व ने हिंदूवादी संगठन के लोगों को आश्वासन दिया उनकी सभी मांगों पर कार्रवाई की जाएगी और मांगों से संबंधित ज्ञापन शासन स्तर तक भी पहुंचाया जाएगा।



.jpg)


0 टिप्पणियाँ